MYTHOLOGICAL STORIES

पांडवों की जन्म कथा | Mahabharat Mein Pandav Ka Janm

पांडव हस्तिनापुर के राजा पांडु और उनकी दो पत्नियों कुंती व माद्री के पांच शक्तिशाली और कुशल पुत्र थे। महाभारत में युधिष्ठिर, भीम, अर्जुन, नकुल, और सहदेव – ये पांच पांडव सबसे अधिक सराहना के पात्र रहे हैं। इनके जन्म की कहानी न सिर्फ दिलचस्प है, बल्कि हैरान कर देने वाली भी है। एक बार राजा पांडु अपनी पत्नियों के साथ शिकार करने के लिए जंगल में गए। राजा पांडु को वहां एक हिरण का जोड़ा दिखाई दिया, जो एक-दूसरे से बेहद प्यार करता था। जब राजा की नजर उस जोड़े पर पड़ी, तो उन्होंने तीर निकालकर नर हिरण को निशाना बनाया और तीर छोड़ दिया। तीर सीधा हिरण की छाती में जाकर लगा। वह हिरण कोई और नहीं, बल्कि हिरण के वेश में ऋषि किदंबा थे। उन्होंने पांडु को श्राप दिया कि वह जब भी किसी महिला के करीब जाएंगे, तभी उनकी मृत्यु हो जाएगी। पांडु ने ऋषि किदंबा से क्षमा मांगी, लेकिन तब तक वो मर चुके थे। श्राप के कारण पांडु ने राज्य त्याग दिया और अपन पत्नियों से निवेदन किया कि वो वापस राज्य लौट जाएं, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। कुंती और माद्री जंगल में राजा पांडु के साथ ही रहने लगीं। उस समय उनकी कोई संतान नहीं थी। तब कुंती ने अपने पती को बताया कि उन्हें ऋषि दुर्वासा से वरदान मिला था कि वह किसी भी भगवान को बुला कर उनसे एक शिशु को प्राप्त कर सकती है। दुर्वासा द्वारा कुंती को दिए गए मंत्रों के उपयोग के माध्यम से उसने यम यानी धर्म के देवता का आह्वान किया, जिससे उन्होंने युधिष्ठिर को जन्म दिया। उसने फिर पवन देव से भीम, इंद्र देव से अर्जुन के रूप में एक और पुत्र प्राप्त किया। इस प्रकार उसके तीन पुत्र हो गए, लेकिन माद्री के एक भी पुत्र नहीं था, तब कुंती ने माद्री को भी मंत्र विद्या सिखाई। मंत्रों की मदद से माद्री ने अश्विनी कुमारों को बुलाया, जिन्होंने उसे नकुल और सहदेव पुत्र के रूप में दिए। इस प्रकार, पांचों पांडवों का जन्म हुआ। देवताओं से प्राप्त सभी पांडवों को देवताओं की तरह ही दिव्य गुण प्राप्त हुए थे।

पांडवों की जन्म कथा | Mahabharat Mein Pandav Ka Janm Read More »

कर्ण और दुर्योधन की मित्रता | Duryodhan Karan Ki Mitrata

महाभारत की कहानी में सिर्फ दुश्मनी नहीं है, बल्कि इसमें दोस्ती और प्यार के कई किस्से भी शामिल हैं। कर्ण और दुर्योधन की मित्रता भी महाभारत में दोस्ती की मिसाल पेश करती है। इनकी गहरी दोस्ती की कई कहानियां महाभारत में प्रचलित हैं। आइए, जानते हैं उन घटनाओं के बारे में। एक बार की बात है, गुरु द्रोणाचार्य ने राजकुमारों के बीच प्रतियोगिता रखी, जिसमें उन्हें कई करतब दिखाने थे। इस प्रतियोगिता में भाग लेने कौरवों और पांडवों के अलावा दूर-दूर के राज्यों से भी राजकुमार आए थे। इस प्रतियोगिता में अर्जुन ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन तभी वहां कर्ण आ गया। कर्ण ने वो सारे करतब कर दिखाए, जो अर्जुन कर चुका था। इसके बाद कर्ण ने अर्जुन को मुकाबले के लिए ललकारा, लेकिन गुरु द्रोणाचार्य ने इस मुकाबले के लिए मना कर दिया, क्योंकि कर्ण कोई राजकुमार नहीं था और यह प्रतियोगिता राजकुमारों के बीच थी। वहीं, दुर्योधन नहीं चाहता था कि यह प्रतियोगिता अर्जुन जीत जाए, इसलिए दुर्योधन ने कर्ण को अंग देश का राज सौंप दिया और उसे अंगराज घोषित कर दिया। इस तरह दुर्योधन ने कर्ण को अर्जुन से मुकाबला करने की योग्यता दी। इस घटना के बाद कर्ण सदा दुर्योधन का आभारी रहा और उसे अपना परम मित्र मानने लगा। कर्ण ने हमेशा दुर्योधन की मदद की और एक ईमानदार साथी का फर्ज निभाया। कर्ण बहुत वीर था, इसलिए वह दुर्योधन को योद्धा की तरह लड़ने की शिक्षा देता था। दुर्योधन जब भी अपने मामा शकुनि के बहकावे में आकर पांडवों को धोखा देने की सोचता, तो कर्ण उसे कायर कहकर धिक्कार देता था। एक बार दुर्योधन ने जब पांडवों को जलाकर मारने के लिए लाक्षागृह का निर्माण करवाया, तो कर्ण को यह बात बहुत बुरी लगी। कर्ण ने कहा, “दुर्योधन तुम्हें युद्ध के मैदान में अपनी वीरता का प्रदर्शन करना चाहिए, न कि छल कपट करके अपनी कायरता का प्रदर्शन करना चाहिए।” कर्ण ने हमेशा मुसीबत में फंसे दुर्योधन का साथ दिया। दुर्योधन चित्रांगद की राजकुमारी से शादी करना चाहता था, लेकिन राजकुमारी ने उसे स्वयंवर में अस्वीकार कर दिया था। दुर्योधन तिलमिलाकर राजकुमारी को जबरदस्ती उठा लाया। अन्य राजा दुर्योधन के पीछे-पीछे भागे, वो दुर्योधन को मार देना चाहते थे। यहां भी कर्ण ने दुर्योधन की मदद की और सभी राजाओं को परास्त कर दिया। महाभारत में कई ऐसी घटनाएं हैं, जो साबित करती हैं कि कर्ण एक वीर योद्धा और दुर्योधन का वफादार साथी था।

कर्ण और दुर्योधन की मित्रता | Duryodhan Karan Ki Mitrata Read More »

परीक्षित के जन्म की कहानी |  Raja Parikshit Story In Hindi

परीक्षित के जन्म की कथा महाभारत के युद्ध के समय की है। जब द्रौपदी को इस बात की जानकारी मिली कि अश्वत्थामा ने उसके पांचों बेटों की हत्या कर दी है तो उसने अनशन करने की ठान ली। द्रौपदी ने प्रण लिया कि वह अपना अनशन तभी तोड़ेगी जब तक कि अश्वत्थामा के सिर पर लगी मणि उसे नहीं मिल जाती। जब अर्जुन को इसकी जानकारी मिली तो वे अश्वत्थामा से युद्ध करने निकल गए। दोनों के बीच भयंकर युद्ध शुरू हो गया। अर्जुन को मौत के घाट उतारने के लिए अश्वत्थामा ने अपना ब्रह्मास्त्र निकाला। यह देख अर्जुन ने भी अपना बचाव करने के लिए ब्रह्मास्त्र का प्रयोग किया। तभी वहां नारद और ऋषि व्यास पहुंचे और उन्होंने ब्रह्मास्त्र का इस्तेमाल करने से मना किया। इसके बाद अर्जुन ने अपना ब्रह्मास्त्र वापस कर लिया, लेकिन अश्वत्थामा ने ऐसा नहीं किया। दरअसल, अश्वत्थामा पांच पांडवों के कुल को नष्ट करना चाहता था। इसलिए उसने अपने ब्रह्मास्त्र की दिशा बदलकर अभिमन्यु की पत्नी जो कि गर्भवती थी उसकी ओर कर दिया। इसपर भगवान कृष्ण ने कहा, “अभिमन्यु की पत्नी उत्तरा को परीक्षित नामक बेटे के जन्म का वरदान मिला है, इसलिए वह जरूर जन्म लेगा। अगर वह मरा हुआ भी पैदा हुआ तो मैं खुद उसे जीवनदान दूंगा और वह बड़ा होकर एक महान सम्राट बनेगा जबकि तुम तीन हजार वर्ष तक इस पाप को ढोते रहोगे। साथ ही हमेशा तुम्हारे खून से बदबू आते रहेगी और वह ऐसे ही बहता रहेगा। यही नहीं तुम हर प्रकार के बीमारियों से घिरे रहोगे। ” इसके बाद अर्जुन ने अश्वत्थामा को रस्सी में बांधा और द्रौपदी के पास ले आया। अश्वत्थामा की हालत देखकर द्रौपदी को दया आ गई और उसने अर्जुन से उसे छोड़ने की अपील की। मगर भगवान कृष्ण ने ऐसा नहीं होने दिया और उन्होंने अर्जुन को आदेश दिया कि उसके सिर से मणि निकाल ले और द्रौपदी को दे दे। इधर, ब्रह्मास्त्र के गर्भ में जाते ही उत्तरा को तेज दर्द होने लगा। यह देख भगवान कृष्ण ने अपना छोटा रूप धारण किया और उत्तरा के गर्भ में दाखिल हो गए। कृष्ण का छोटा रूप एक अंगूठे के बराबर ही था। वे शंख, चक्र, गदा और पद्म सबकुछ धारण किए हुए थे। उत्तरा के गर्भ में अश्वत्थामा द्वारा छोड़े गये ब्रह्मास्त्र की आग को शांत कर रहे थे। वहीं, गर्भ में पल रहा बालक उन्हें देखकर हैरान था कि मेरी मां के गर्भ में यह कौन घुस गया है। कुछ समय बाद उत्तरा ने अपने बच्चे को जन्म दिया लेकिन वह मृत पैदा हुआ। यह देख वह रोने लगी। उसने भगवान कृष्ण से कहा, “ ये नारायण! आपने तो कहा था कि मेरा बेटे पर ब्रह्मास्त्र का असर नहीं होगा और वह जीवित ही पैदा होगा। वह सालों तक अमर होकर राज करेगा, लेकिन यह तो मरा पड़ा है। इसे जीवित करने की कृपा करो प्रभु। ” उत्तरा की बात सुनकर भगवान कृष्ण तुरंत प्रसूति गृह में प्रवेश किया और कहा, “ हे पुत्री तुम दुखी न हो। तुम्हारा बेटा जरूर जीवित होगा। मैंने खुद इसके जीवन की रक्षा की है।” इसके बाद कृष्ण भगवान ने मृत बालक पर अमृतमयी नजरें डाली और कहा, “अगर मैंने जीवन में कभी झूठ का साथ नहीं दिया है और हमेशा ब्रह्मचर्य के नियमों का पालन किया है। कभी किसी लड़ाई में अपनी पीठ नहीं दिखाई है न ही कभी अधर्म का साथ दिया है को अभी इसी समय अभिमन्यु का यह पुत्र जो मरा पड़ा है वह जीवित हो जाए। ” इतना कहने के बाद कृष्ण ने जब उस मृत बालक पर अपना हाथ डाला तो वह जीवित हो गया और रोने लगा। इसके बाद भगवान कृष्ण ने ब्रह्मास्त्र को वापस ब्रह्मलोक भेज दिया। यह चमत्कार देख सभी स्त्रियां आश्चर्यचकित हो गई। इसके बाद भगवान कृष्ण ने अभिमन्यु के पुत्र का नाम परीक्षित रखा। इसके पीछे का कारण था कि वह बालक कुरुकुल के नाश होने पर जन्मा था। वहीं, जब युधिष्ठिर वापस आए और उन्हें बालक के जन्म के बारे में पता चला तो वे भी खुशी से झूम उठे। इस खुशी में उन्होंने हाथी, छोड़े, अन्न, गाय आदि दान दिए। इसके बाद उन्होंने ज्योतिष को बुलाया और बच्चे के भविष्य की जानकारी ली। इसपर ज्योतिषी ने कहा, “यह बालक प्रभु श्रीकृष्ण चन्द्र का भक्त कहलाएगा। यह एक धर्मी, यशस्वी, पराक्रमी व दानी होगा। ” ज्योतिष ने आगे बताया कि, “ जीवन में एक ऋषि का शाप पाकर गंगा के तट पर यह श्री शुकदेव से आत्मज्ञान की प्राप्ति करेगा। ” ज्योतिष की बात सुनकर युधिष्ठिर खुश हुए और उन्हें दक्षिणा देकर वहां से विदा कर दिया। कहानी से सीख – इस कहानी से हमें यह सीख मिलती है कि कभी भी किसी कार्य को छल कपट के साथ नहीं करना चाहिए। इससे हमारा बुरा ही होता है।

परीक्षित के जन्म की कहानी |  Raja Parikshit Story In Hindi Read More »

रामायण की कहानी: हनुमान जी का जन्म

रामभक्त हनुमान को कई नामों से जाना जाता है, जैसे मारुति नंदन, पवनपुत्र व संकटमोचन आदि। माना जाता है कि वह भगवान शिव के 11वें रूद्र अवतार थे और उनके जन्म का उल्लेख कई पौराणिक कथाओं में मिलता है। इस कहानी में हम हनुमान जी के जन्म से जुड़ी ऐसी ही एक प्रचलित कथा बता रहे हैं। हनुमान जी के जन्म की कथा बहुत रोचक है। वे माता अंजनी और वानर राज केसरी के पुत्र थे। माना जाता है कि उनका जन्म कोई साधारण संयोग नहीं था, बल्कि देवतागण, नक्षत्र और सारे भगवान के आशीर्वाद से पृथ्वी से पाप का विनाश करने के लिए हुआ था। मान्यताओं के अनुसार, माता अंजनी को यह वरदान मिला हुआ था कि उनका होने वाला पुत्र शिव का अंश होगा। इसके अलावा, एक मान्यता यह भी है कि जब बजरंगबली का जन्म हुआ था, उसी समय रावण के घर भी एक पुत्र ने जन्म लिया था। यह संयोग दुनिया में अच्छाई और बुराई का संतुलन बनाए रखने के लिए हुआ था। बात सतयुग की है, जब माता अंजनी एक जंगल में बैठकर पुत्र प्राप्ति के लिए भगवान शिव की पूजा कर रही थीं। वह हाथ जोड़कर और आंखें बंद करके आराधना में लीन थी, तभी उनकी सामने रखी कटोरी में एक फल आकर गिरा। माता अंजनी ने जब उस फल को देखा, तो उन्होंने उसे प्रसाद समझ कर सेवन कर लिया। दरअसल, जब माता अंजनी जंगल में पूजा कर रही थी, तब वहां से दूर अयोध्या में राजा दशरथ भी पुत्र प्राप्ति के लिए शिव-यज्ञ करवा रहे थे। इस हवन के बाद पंडित ने राजा दशरथ की तीनों रानियों को फल दिए, जिन्हें खाने से उन्हें पुत्र प्राप्ति हुई थी। इन्हीं फलों में से एक छोटा-सा अंश एक पक्षी उठाकर ले गया, जिसे उसने बाद में माता अंजनी के सामने रख दिया। इस प्रकार भगवान शिव के आशीर्वाद से हुआ था केसरीनंदन हनुमान का जन्म।

रामायण की कहानी: हनुमान जी का जन्म Read More »

रामायण की कहानी: रामसेतु में गिलहरी का योगदान

माता सीता का हरण होने के बाद, भगवान राम को लंका तक पहुंचने के लिए उनकी वानर सेना जंगल को लंका से जोड़ने के लिए समुद्र के ऊपर पुल बनाने के काम में लग जाती है। पुल बनाने के लिए पत्थर पर भगवान श्रीराम का नाम लिखकर पूरी सेना समुद्र में पत्थर डालती है। भगवान राम का नाम लिखे जाने की वजह से पत्थर समुद्र में डूबने के बजाय तैरने लगते हैं। यह सब देखकर सभी वानर काफी खुश होते हैं और तेजी से पुल बनाने के लिए पत्थर समुद्र में डालने लगते हैं। भगवान राम पुल बनाने के लिए अपनी सेना के उत्साह, समर्पण और जुनून को देखकर काफी खुश होते हैं। उस वक्त वहां एक गिलहरी भी थी, जो मुंह से कंकड़ उठाकर नदी में डाल रही थी। उसे ऐसा बार-बार करते हुए एक वानर देख रहा था। कुछ देर बाद वानर गिलहरी को देखकर मजाक बनाता है। वानर कहता है, “हे! गिलहरी तुम इतनी छोटी-सी हो, समुद्र से दूर रहो। कहीं ऐसा न हो कि तुम इन्हीं पत्थरों के नीचे दब जाओ।” यह सुनकर दूसरे वानर भी गिलहरी का मजाक बनाने लगते हैं। गिलहरी यह सब सुनकर बहुत दुखी हो जाती है। भगवान राम भी दूर से यह सब होता देखते हैं। गिलहरी की नजर जैसे ही भगवान राम पर पड़ती है, वो रोते- रोते भगवान राम के समीप पहुंच जाती है। परेशान गिलहरी श्री राम से सभी वानरों की शिकायत करती है। तब भगवान राम खड़े होते हैं और वानर सेना को दिखाते हैं कि गिलहरी ने जिन कंकड़ों व छोटे पत्थरों को फेंका था, वो कैसे बड़े पत्थरों को एक दूसरे से जोड़ने का काम कर रहे हैं। भगवान राम कहते हैं, “अगर गिलहरी इन कंकड़ों को नहीं डालती, तो तुम्हारे द्वारा फेंके गए सारे पत्थर इधर-उधर बिखरे रहते। ये गिलहरी के द्वारा फेंके गए पत्थर ही हैं, जो इन्हें आपस में जोड़े हुए हैं। पुल बनाने के लिए गिलहरी का योगदान भी वानर सेना के सदस्यों जैसा ही अमूल्य है।” इतना सब कहकर भगवान राम बड़े ही प्यार से गिलहरी को अपने हाथों से उठाते हैं। फिर, गिलहरी के कार्य की सराहना करते हुए श्री राम उसकी पीठ पर बड़े ही प्यार से हाथ फेरने लगते हैं। भगवान के हाथ फेरते ही गिलहरी के छोटे-से शरीर पर उनकी उंगलियों के निशान बन जाते हैं। तब से ही माना जाता है कि गिलहरियों के शरीर पर मौजूद सफेद धारियां कुछ और नहीं, बल्कि भगवान राम की उंगलियों के निशान के रूप में मौजूद उनका आशीर्वाद है। कहानी से सीख : दूसरों के कार्य का मजाक नहीं बनाया जाना चाहिए। कार्य में किसी भी तरह का योगदान महत्वपूर्ण होता है। साथ ही दूसरों द्वारा मजाक बनाए जाने के बावजूद आपको अपना आत्मविश्वास नहीं खोना चाहिए।

रामायण की कहानी: रामसेतु में गिलहरी का योगदान Read More »

रामायण की कहानी: क्या सीता मंदोदरी की बेटी थी?

माता सीता के जन्म को लेकर कई कहानियां प्रचलित हैं। कोई कुछ कहानी सुनता है, तो कोई कुछ। इसलिए, साफ-साफ कहना मुश्किल है कि सीता की माता कौन थी। सीता के जन्म से जुड़ी हम ऐसी ही एक प्रचलित कहानी सुना रहे हैं। एक बार लंकापति रावण के तप से खुश होकर भगवान ब्रह्मा उसे वरदान मांगने को कहते हैं। रावण उनसे अमर होने का वरदान मांगता है। ब्रह्माजी उसे अमर होने के अलावा कोई दूसरा वरदान मांगने को कहते है। रावण वरदान में मांगता है कि मुझे सुर, असुर, पिशाच, नाग, किन्नर या अप्सरा कोई भी न मार सके। रावण मनुष्य द्वारा न मारे जाने के बारे में नहीं बोलता है, क्योंकि वह मनुष्य को तिनके के समान समझता था। वरदान पाने के बाद रावण हर तरफ तबाही मचाना शुरू कर देता है। एक दिन वह दंडकारण्य नामक जगह पहुंचता है, जहां ऋषि-मुनियों का निवास था। रावण को ऋषि-मुनियों को मारना उचित नहीं लगा, लेकिन वो उन ऋषि-मुनियों के रक्त को एक कमंडल में भर कर साथ ले जाता है। वह कमंडल ‘गृत्समद ऋषि’ का था, जो पुत्री की लालसा में माता लक्ष्मी से प्रार्थना करते थे कि वह उनके घर पुत्री के रूप में जन्म लें। इसके लिए गृत्समद ऋषि रोजाना पूजा-पाठ के दौरान पवित्र मंत्र पढ़कर दूध की कुछ बूंदें कमंडल में डाला करते थे, जिसमें रावण रक्त भरकर अपने साथ ले गया था। रावण कमंडल को लंका ले गया और वह पहुंचकर कमंडल अपनी पत्नी मंदोदरी को देकर कहता है, “यह विषैले रक्त से भरा है। इसे संभाल कर रखना और किसी को मत देना।” कुछ दिन बाद विहार के लिए रावण किसी पर्वत पर चला जाता है। मंदोदरी को इस तरह रावण का जाना अच्छा नहीं लगता है। वो मृत्यु प्राप्त करने के लिए कमंडल में भरे विष का पान कर लेती है। कमंडल के रक्त को पीने के कुछ समय बाद मंदोदरी गर्भवती हो जाती है। गर्भवती होने के बाद मंदोदरी घबरा जाती है कि महल में मौजूद अन्य लोग उसके बारे में क्या सोचेंगे। फिर मंदोदरी तीर्थ यात्रा का नाम लेकर कुरुक्षेत्र चली जाती है। वहां मंदोदरी एक बच्ची को जन्म देती है, लेकिन लोक-लाज के चलते वो उसे एक कलश में रखकर जमीन में दफना देती है। कुछ दिनों बाद राजा जनक भी कुरुक्षेत्र जाते हैं। जब वह जमीन में हल चलाते हैं, तो उन्हें वहां कलश मिलता है, जिसमें मंदोदरी ने बच्ची को रखा था। बच्ची को कलश से निकालते ही आसमान से फूलों की वर्षा होने लगती है और साथ में आकाशवाणी भी होती है। आकाशवाणी में राजा जनक द्वारा उस कन्या के लालन-पालन की बात कही जाती है। हल के सीत (हल के आगे का नुकीला भाग) से टकराने की वजह से कलश मिला था, इसलिए राजा जनक ने कन्या का नाम सीता रखा।

रामायण की कहानी: क्या सीता मंदोदरी की बेटी थी? Read More »

रामायण की कहानी: रावण के दस सिर का रहस्य

रावण के बारे में हर कोई जानता है। वह राक्षस वंश का था और उसके द्वारा की गई गलतियों के कारण हर साल दशहरे के दिन रावण दहन भी किया जाता है। वैसे क्या आपको मालूम है कि महान विद्वान और पंडित होने के साथ-साथ रावण भगवान शिव का परम भक्त भी था। एक बार की बात है, रावण ने सोचा कि क्याें न अपने आराध्य शिव जी को प्रसन्न किया जाए। यह विचार कर वह तपस्या में लीन हो गया। बहुत समय तक तपस्या करने के बाद भी शिव जी प्रसन्न नहीं हुए, तो रावण ने अपना सिर काट कर शिव जी को अर्पण कर दिया। इसके बाद उसका सिर फिर से जुड़ गया। इसके बाद उसने फिर से अपना सिर काट दिया, लेकिन उसका सिर फिर से जुड़ गया। इस तरह एक-एक करके उसने दस बार अपना सिर काटा और हर बार उसका सिर जुड़ जाता। रावण की इस तपस्या को देख कर शिव जी प्रसन्न हो गए और उन्होंने वरदान के साथ ही उसे दस सिर भी दे दिए। इस तरह रावण का नाम पड़ा दशानंद पड़ा। रावण के दस सिर होने को लेकर इस कहानी के साथ-साथ कई अन्य कहानियां भी प्रचलित हैं। ऐसा कहा जाता है कि रावण दस सिर नहीं थे, वह सिर्फ दस सिर होने का भ्रम पैदा करता था। वहीं, कुछ का यह भी मानना है कि रावण छह दर्शन और चार वेदों को जानने वाला था, इसीलिए उसे दसकंठी भी कहा जाता था। शायद इस कारण से भी उसे दशानंद भी कहा जाता था।

रामायण की कहानी: रावण के दस सिर का रहस्य Read More »

रामायण की कहानी: भगवान राम की मृत्यु

धरती पर भगवान राम ने अपने सारे काम कर लिए थे, अब उनकी मृत्यु का वक्त सामने आ गया था। ऐसे में यमराज ने एक साधू का रूप लिया और राम के नगर पहुंच गए। वो राम के महल पहुंचे और उनसे मिलने का वक्त तय किया। फिर वो श्री राम से मिलें और उन्होंने उनके बीच होने वाली बातों को सबसे छुपाकर रखने की शर्त रखी। साथ ही यह भी कहा कि अगर हम दोनों की बातों के बीच कोई भी आएगा, तो दरवाजे पर खड़े द्वाररक्षक को मृत्युदंड (यानी मरना पड़ेगा) दिया जाएगा। श्री राम ने साधू रूप धारण किए यमराज की बात मान ली और हनुमान जी के न रहने के कारण राम ने भाई लक्ष्मण को द्वारपाल बना दिया। फिर यमराज अपने असली रूप में आएं और बोले, “भगवान आपका पृथ्वी पर जीवन पूरा हो चुका है। अब आपका अपने लोक लौटने का वक्त आ गया है।” यमराज और भगवान राम के बीच बातचीत चल ही रही थी कि उसी वक्त दरवाजे पर ऋषि दुर्वासा पहुंच गए। उन्होंने लक्ष्मण को दरवाजे से हटने को कहा और अंदर जाने की जिद पर अड़ गए । लक्ष्मण ने मना किया, तो वह श्रीराम को श्राप देने की बात करने लगे। लक्ष्मण काफी परेशान हो गए। अगर श्रीराम की बात नहीं मानी, तो उन्हें मरना होगा और अगर ऋषि की बात नहीं मानी, तो श्रीराम को श्राप लगेगा। इस स्थिति में उन्होंने एक मुश्किल फैसला लिया और ऋषि को अंदर जाने दिया। बातचीत के बीच ऋषि को देख भगवान श्रीराम चिंतित हो गए कि अब उनको लक्ष्मण को मारने की सजा देनी होगी। ऐसे में भगवान राम ने लक्ष्मण को नगर से निकाल दिया। लक्ष्मण ने अपने भाई के वादे को निभाने के लिए सरयू नदी में जाकर जल समाधि (डूब गए) ले ली। लक्ष्मण के बारे में जानने के बाद राम बहुत दुखी हुए। फिर भगवान श्री राम ने भी जल समाधि लेने का फैसला किया। श्री राम भी सरयू नदी में जल समाधि लेने के निकल पड़े। उस वक्त वहां भरत, शत्रुघ्न, हनुमान, सुग्रीव और जामवंत भी मौजूद थे। देखते ही देखते भगवान श्रीराम सरयू नदी में समा गए। कुछ ही देर बाद नदी के अंदर से भगवान अपने विष्णु रूप में सबके सामने प्रकट हुए। उन्होंने अपने भक्तों समेत वहां मौजूद हर किसी को दर्शन दिए। इस तरह भगवान राम धरती पर अपने जीवन को पूरा कर स्वर्ग लौट गए।

रामायण की कहानी: भगवान राम की मृत्यु Read More »

रामायण की कहानी: भगवान राम की बहन शांता

अयोध्या के राजा दशरथ की तीन पत्नियों और उनसे होने वाले चार पुत्रों राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के बारे में सभी जानते हैं, लेकिन भगवान राम की बड़ी बहन के बारे में हर किसी को नहीं पता। वाल्मीकि रामायण में भी राम की बहन शांता के बारे में जानकारी नहीं है, लेकिन दक्षिण पुराण में भगवान राम की बहन शांता का इतिहास जरूर मिलता है। भगवान राम की बहन शांता का सच यह है कि शांता राम की बड़ी बहन और माता कौशल्या की बेटी थी। वह बहुत ही सुन्दर और हर कार्य में निपुण थी। शास्त्र से लेकर पाक कला तक में एकदम पारंगत। वहीं, रानी कौशल्या की बहन थी रानी वर्षिणी, जिनका विवाह अंगदेश के राजा रोमपद के साथ हुआ था। दुर्भाग्य की बात यह थी कि किन्हीं कारणों उनकी कोई भी सन्तान न हो सकी। एक दिन वर्षिणी राजा रोमपद के साथ कौशल्या से मिलने अयोध्या आई। जब सभी एक साथ बैठकर भोजन कर रहे थे, तभी वर्षिणी ने दशरथ की पुत्री शांता की शालीनता और कार्यकुशलता से मोहित होकर अपनी एक इच्छा प्रकट की। वर्षिणी ने कहा, “वैसे तो मेरी कोई भी सन्तान नहीं है, लेकिन मेरी इच्छा है कि शांता की तरह ही मेरी भी एक पुत्री हो।” वर्षिणी की इस बात पर राजा दशरथ उन्हें शांता को गोद देने का वचन दे देते हैं। इस प्रकार राजकुमारी शांता अंगदेश के राजा रोमपद की पुत्री बन जाती है। एक दिन राजा रोमपद किसी काम में इतना खोये रहते हैं कि उनकी चौखट पर आए ब्राह्मण की आवाज उन्हें सुनाई ही नहीं देती। फलस्वरूप, ब्राह्मण को खाली हाथ वापस लौटना पड़ता है। देवराज इंद्र को राजा रोमपद द्वारा किया गया ब्राह्मण का यह अपमान जरा भी रास नहीं आता। वह अंगदेश में वर्षा न करने का निश्चय कर लेते हैं। ऐसे में बिना वर्षा अंगदेश में सूखा पड़ जाता है। इस वजह से अकाल की स्थिति पैदा हो जाती है। इस समस्या से उबरने के लिए राजा रोमपद ऋषि श्रंग के पास जाते हैं और उनसे इस समस्या का उपाय पूछते हैं। ऋषि राजा को यज्ञ कराने की सलाह देते हैं, जिससे रूठे इंद्र देव को मनाया जा सके। राजा रोमपद ऐसा ही करते हैं और यज्ञ के बाद अंगदेश में पुनः वर्षा होती है। इससे अंगदेश में आई समस्या का अंत होता है। ऋषि श्रंग से प्रसन्न होकर राजा रोमपद उनसे अपनी पुत्री शांता का विवाह करा देते हैं। शांता के बाद राजा दशरथ के कोई सन्तान नहीं थी। इसके लिए वह बहुत ही चिंतित रहते थे। इसी कारण वह भी ऋषि श्रंग के पास जाते हैं। ऋषि श्रंग उन्हें कामाक्षी यज्ञ कराने की सलाह देते हैं। ऋषि के कहे अनुसार राजा दशरथ कामाक्षी यज्ञ संपन्न कराते हैं और प्रसाद के रूप में खीर बनवाते हैं। यज्ञ समाप्त होने के बाद जो खीर का प्रसाद था, उसे राजा दशरथ की तीनों पत्नियां कौशल्या, सुमित्रा और कैकई ग्रहण करती हैं। कामाक्षी यज्ञ के प्रताप से रानी कौशल्या को पुत्र के रूप में राम, कैकई को भरत और सुमित्रा को लक्ष्मण व शत्रुघ्न की प्राप्ति होती है। चारों पुत्रों को अपनी बहन शांता के बारे में कुछ भी मालूम नहीं होता है। समय के साथ धीरे-धीरे राम को अपनी माता के दुख का पता चलता है। साथ ही भगवान राम की बहन शांता के जीवन का सच, जो कोई नहीं जानता था, राम को मालूम हो जाता है। बहन शांता के बारे में जानने के बाद राम अपनी मां को बहन शांता से मिलवाते हैं और सभी पुराने मतभेदों को दूर कर एक साथ रहने का वचन देते हैं।

रामायण की कहानी: भगवान राम की बहन शांता Read More »

महाभारत की कहानी: द्रौपदी का विवाह | Draupadi Ki Shaadi

सदियों पुरानी बात है, पांचाल नामक नगर में राजा द्रुपद का राज हुआ करता था। राजा द्रुपद की एक बेटी थी, जिसका नाम द्रौपदी था। द्रौपदी बहुत ही सुंदर और सुशील कन्या थी। जब वह विवाह योग्य हो गई, तो राजा द्रुपद ने उसके विवाह के लिए स्वयंवर रखने का निर्णय लिया। इस दौरान, पांडव मुनि का भेस धारण करके पांचाल से कुछ कोस दूर एक गांव में रह रहे थे। जब उन तक द्रौपदी के स्वयंवर की सूचना पहुंची, तो वेदव्यास के आदेश पर उन्होंने पांचाल जाकर स्वयंवर में भाग लेने का निर्णय लिया। पांचाल जाते समय उन्हें रास्ते में धौम्य नामक एक ब्राह्मण मिला, जिसके साथ वो ब्राह्मण का भेस धारण करके स्वयंवर में पहुंचे। स्वयंवर में दूर-दूर से बड़े-बड़े राजा महाराजा और राजकुमार पधारे हुए थे। वहां पहुंच कर पांडवों ने ब्राह्मणों के बीच अपना स्थान ग्रहण कर लिया। उस सभा में श्रीकृष्ण भी अपने बड़े भाई बलराम और गणमान्य यदुवंशियों के साथ बैठे हुए थे। सभा की एक ओर सभी कौरव भी विराजमान थे। कुछ देर बाद सभा में राजा द्रुपद पधारे और उन्होंने स्वयंवर के लिए पधारे सभी मेहमनाें का स्वागत किया। अब सब की आंखें राजकुमारी द्रौपदी का इंतजार कर रही थीं। सब यही सोच रहे थे कि राजकुमारी उन्हीं को अपना पति चुनेगी। कुछ समय बाद सभी का इंतजार खत्म हुआ और राजकुमारी द्रौपदी एक सुंदर-सी परी की तरह सभा में पधारी। उन्हें देखकर सभी मंत्रमुग्ध हो गए। राजकुमारी ने सभा के बीच से गुजरते हुए, अपने पिता के सिंहासन के समीप अपना स्थान ग्रहण कर लिया। इसके बाद सभी सभागणों को संबोधित करते हुए राजा द्रुपद ने कहा, “मैं राजा द्रुपद, इस स्वयंवर में आप सभी मेहमानों का स्वागत करता है। मैं इस बात से पूरी तरह परिचित हूं कि आप सभी यहां मेरी पुत्री द्रौपदी से विवाह करने आए हैं, लेकिन इस स्वयंवर की एक शर्त है। आप सभी को सभा के बीचों-बीच एक स्तंभ पर गोल घूमती हुई नकली मछली लटकती दिख रही होगी। उस मछली के ठीक नीचे, धरती पर एक तेल का पात्र रखा है, जिसमें उस मछली का प्रतिबिंब दिख रहा है। स्वयंवर की शर्त यह है कि जो भी धनुर्धारी प्रतिबिंब में देखकर, मछली की आंख पर निशाना लगा देगा, वह इस स्वयंवर का विजयता होगा और उसी से द्रौपदी का विवाह होगा।” राजा द्रुपद की यह बात सुन कर, सभी राजा बारी-बारी आकर, मछली पर निशाना साधने का प्रयास करने लगे लेकिन कोई सफल नहीं हो पाया। असफल व्यक्तियों में शिशुपाल, दुशासन, दुर्योधन और अन्य कौरवों का भी नाम शामिल था। अंत में पांडवों की बारी आई। उनकी ओर से अर्जुन ने मछली की आंख पर निशाना लगाने के लिए धनुष उठाया और एक ही बार में तीर निशाने पर लगा दिया। यह देखकर सब आश्चर्यचकित हो गए कि एक ब्राह्मण ने इतना सटीक निशाना लगा दिया। इसके बाद अपने पिता की आज्ञा से द्रौपदी आगे बढ़ी और अर्जुन के गले में वरमाल डाल दी और दोनों का विवाह संपन्न हुआ।

महाभारत की कहानी: द्रौपदी का विवाह | Draupadi Ki Shaadi Read More »

महाभारत की कहानी: एकलव्य की कथा | Mahabharat: Eklavya’s Story

यह महाभारत काल की बात है, जब भारत के एक जंगल में एकलव्य नाम का एक बालक अपने माता-पिता के साथ रहता था। वह अनुशासित बालक था और उसके माता-पिता ने उसकी परवरिश अच्छे संस्कारों के साथ की थी। एकलव्य की धनुर्विद्या में बहुत रुचि थी, लेकिन जंगल में इसके लिए साधन उपलब्ध नहीं थे। इसलिए, वह गुरु द्रोणाचार्य से धनुर्विद्या सीखना चाहता था। गुरु द्रोणाचार्य उन दिनों राजकुमारों अर्थात पांडव और कौरवों को धनुर्विद्या सिखा रहे थे और उन्होंने भीष्म पितामह को वचन दिया था कि वह राजकुमारों के अलावा किसी को भी धनुर्विद्या का ज्ञान नहीं देंगे। जब एकलव्य अपना निवेदन लेकर गुरु द्रोणाचार्य के पास आया, तो उन्होंने उसे अपनी विवशता बताकर वापस भेज दिया। इस पर एकलव्य बहुत दुखी हुआ, लेकिन उसने यह प्रण लिया कि वह द्रोणाचार्य को ही अपना गुरु बनाएगा। शारीरिक रूप से गुरु की अनुपस्थिति के चलते उसने उनकी मिट्टी की मूर्ति बनाई और उसके सामने तीर कमान चलाने का अभ्यास करने लगा। देखते ही देखते वह एक उम्दा धनुर्धारी बन गया। एक दिन की बात है, जब गुरु द्रोणाचार्य अपने शिष्यों के साथ धनुर्विद्या का अभ्यास करने जंगल की ओर आए। उनके साथ एक कुत्ता भी था। उस समय एकलव्य भी जंगल में धनुर्विद्या का अभ्यास कर रहा था। ऐसे में जब कुत्ते को जंगल के एक ओर से आवाज आई, तो वह उस ओर जाकर भौकनें लगा, जिससे एकलव्य की एकाग्रता भंग होने लगी। इस वजह से कुत्ते को चुप करवाने के लिए एकलव्य ने उसके मुंह में कुछ इस प्रकार बाण चलाए कि उसका भौंकना भी बंद हो गया और उसे कोई चोट भी आई। कुत्ता वापस द्रोणाचार्य के पास भाग गया। जब उन्होंने कुत्ते को देखा को उन्हें अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हुआ और उन्होंने सोचा कि इतना अच्छा धनुर्धारी कौन है, जिसे धनुष बाण की ऐसी विद्या आती है। जब उन्होंने जाकर देखा, तो उनके सामने हाथ में धनुष लिए एकलव्य खड़ा था। अपने गुरु को देखकर एकलव्य ने उन्हें प्रणाम किया। द्रोणाचार्य ने उससे पूछा कि उसने यह विद्या किससे सीखी, तो एकलव्य ने बताया कि वह किस प्रकार उनकी मूर्ति के सामने प्रतिदिन अभ्यास करता है। यह सुनकर द्रोणाचार्य आश्चर्यचकित हुए। दरअसल, गुरु द्रोणाचार्य ने अर्जुन को वचन दिया था कि उससे बेहतर धनुर्धारी कोई नहीं होगा, लेकिन एकलव्य की विद्या उनके इस वचन में बाधा बन रही थी। ऐसे में उन्हें एक युक्ति सूझी। उन्होंने एकलव्य से कहा, “वत्स, तुमने मुझसे शिक्षा तो ले ली, लेकिन मुझे गुरु दक्षिणा तो अभी तक नहीं दी है।” “आदेश करें गुरुवर। आपको दक्षिणा में क्या चाहिए।” एकलव्य ने कहा। एकलव्य की बात का जवाब देते हुए द्रोणाचार्य ने कहा कि गुरु दक्षिणा में मुझे तुम्हारे दाहिने हाथ का अंगूठा चाहिए। यह सुन कर, एकलव्य ने तुरंत अपनी कृपाण निकाली और अपना अंगूठा काट कर गुरु द्रोणाचार्य के चरणों में रख दिया। इस घटना की वजह से एकलव्य का नाम एक आदर्श शिष्य के रूप में आज भी याद किया जाता है। कहानी से सीख बच्चों, वीर एकलव्य की कहानी से हमें यह शिक्षा मिलती है कि अगर हम अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं, तो उसे हासिल करने के बीच में आने वाली कोई भी बाधा अहमियत नहीं रखती।

महाभारत की कहानी: एकलव्य की कथा | Mahabharat: Eklavya’s Story Read More »

महाभारत की कहानी: अर्जुन और चिड़िया की आंख | Arjun Aur Chidiya Ki Aankh

यह द्वापरयुग के उन दिनों की बात है, जब पांचों पांडव और कौरव पुत्र, गुरु द्रोणाचार्य से अपनी शिक्षा ग्रहण कर रहे थे। उन दिनों पांडव धनुर्विद्या का ज्ञान प्राप्त कर रहे थे। एक दिन गुरु द्रोणाचार्य ने उनकी परीक्षा लेने का विचार किया। परीक्षा के लिए गुरुदेव ने पांचों पांडव – युद्धिष्ठिर, भीम, अर्जुन, नकुल और सहदेव के साथ-साथ कौरवों को भी जंगल में बुलाया और एक पेड़ के सामने ले जाकर खड़ा कर दिया और कहा, “शिष्यों, आज आप सभी की परीक्षा का दिन है। आज इस बात की परीक्षा होगी कि मेरे द्वारा दी गई धनुर्विद्या से आप सभी ने कितना सीखा है।” इसके बाद, गुरु द्रोणाचार्य ने उस पेड़ की तरफ इशारा करते हुए कहा, “वहां देखो, उस पेड़ पर एक नकली चिड़िया लटकी है। मैं चाहता हूं कि आप सभी एक-एक करके, उस मछली की आंख पर निशाना लगाएं और तीर सीधा आंख के बीचों-बीच, उसकी पुतली पर जाकर लगना चाहिए। क्या आप सभी समझ गए?” इस पर सभी ने सहमती में अपनी सिर हिला दिया। गुरु द्रोणाचार्य ने सबसे पहले युद्धिष्ठिर को आगे बुलाया और तीर कमान उसके हाथों में थमाते हुए उससे पूछा, “वत्स, तुम्हें इस समय क्या-क्या दिख रहा है?” इस पर युद्धिष्ठिर ने जवाब दिया, “गुरुदेव, आप, मेरे भाई, यह जंगल, पेड़, पेड़ पर बैठी चिड़िया व पत्ते आदि सब कुछ दिख रहा है।” यह सुनकर द्रोणाचार्य ने युद्धिष्ठिर के हाथ से तीर कमान ले लिया और कहा कि वह इस परीक्षा के लिए अभी तैयार नहीं है। इसके बाद, उन्होंने भीम को आगे बुलाया और उसके हाथों में तीर-कमान थमा दिया। फिर उन्होंने भीम से पूछा कि उसे क्या-क्या दिख रहा है। इस पर भीम ने जवाब दिया कि उसे भी गुरु द्रोणाचार्य, उसके भाई, पेड़, चिड़िया, धरती व आसमान सब कुछ दिख रहा है। गुरु द्रोणाचार्य ने उसके हाथों से भी धनुष-बाण वापस ले लिया और उसे अपने स्थान पर जा कर खड़े रहने को कह दिया। इस प्रकार गुरुदेव ने एक-एक करके नकुल, सहदेव और सभी कौरव पुत्रों को बुलाया और उनके हाथों में धनुष-बाण थमाते हुए, उनसे भी यही सवाल पूछा। उन सभी का जवाब भी कुछ इस प्रकार ही आया कि उन्हें गुरुदेव, भाई, जंगल, उसके आसपास की चीजें व पेड़ आदि दिख रहे हैं। इन जवाबों के बाद उन्होंने सभी को अपने-अपने स्थान पर वापस भेज दिया। आखिरी में अर्जुन की बारी आई। गुरुदेव ने उसे आगे बुलाया और धनुष-बाण उसके हाथों में दे दिया। फिर उन्होंने अर्जुन से पूछा, “वत्स बताओ कि तुम्हें क्या दिख रहा है?” अर्जुन ने कहा, “मुझे उस चिड़िया की आंख दिख रही है, गुरुदेव”। गुरुदेव ने पूछा, “और क्या दिख रहा है तुम्हें, अर्जुन?” “मुझे उस चिड़िया की आंख के अलावा कुछ नहीं दिख रहा, गुरुवर,” अर्जुन ने कहा। यह सुनकर कि अर्जुन चिड़िया की आंख के अलावा कुछ नहीं देख रहा, गुरु द्रोणाचार्य मुस्कुराए और कहा, “तुम इस परीक्षा के लिए तैयार हो। निशाना लगाओ, वत्स।” गुरु का आदेश मिलते ही अर्जुन ने चिड़िया की आंख पर तीर मारा और तीर सीधे उसके लक्ष्य पर जाकर लगा। कहानी से सीख बच्चों, अर्जुन और चिड़िया की आंख की इस कहानी से हमें यह सीख मिलती है कि सफलता प्राप्त करने के लिए हमारा ध्यान सिर्फ अपने लक्ष्य पर होना चाहिए।

महाभारत की कहानी: अर्जुन और चिड़िया की आंख | Arjun Aur Chidiya Ki Aankh Read More »